महाराष्ट्र। अकोला जिले में विधानसभा चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास अघाड़ी का मतलब है भ्रष्टाचार और हज़ारों करोड़ रुपये का घोटाला।
उन्होंने कहा कि जहां जिस भी राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है, वह राज्य पार्टी के ‘शाही परिवार’ का एटीएम (ऑटोमेटेड टेलर मशीन) बन जाता है। इस लिए हम महाराष्ट्र को कांग्रेस का एटीएम नहीं बनने देंगे। श्री मोदी 20 नवंबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए अकोला में एक चुनावी रैली को संबोधित किया।
उन्होंने कांग्रेस को शाही परिवार की संज्ञा देते हुये कहा कि मैं चुनौती देता हूं कि वे साबित करें कि क्या वे कभी डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थ पर गए हैं। श्री मोदी ने महू में अंबेडकर के जन्मस्थान, लंदन में वह स्थान जहां वे यू.के. में अध्ययन के दौरान रहे, नागपुर में दीक्षा भूमि जहां उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाया, दिल्ली में उनके ‘महापरिनिर्वाण स्थल’ और मुंबई में ‘चैत्य भूमि’ को दर्शाने के लिए पंचतीर्थ शब्द गढ़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने ‘एक है तो सुरक्षित है’ के मंत्र का पालन करके कांग्रेस की साजिश को विफल कर दिया। कांग्रेस जानती है कि वह तभी मजबूत होगी जब देश कमजोर होगा। उस पार्टी की नीति एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ खड़ा करना है।
उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि महाराष्ट्र में विपक्षी महाविकास अघाड़ी का मतलब है हजारों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार और घोटाला।
मोदी ने कहा कि “प्रधानमंत्री के तौर पर अपने पहले दो कार्यकालों में मैंने गरीबों को चार करोड़ पक्के घर दिए हैं। मैं महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति [महागठबंधन] के लिए आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। 2019 में आज ही के दिन देश के सर्वोच्च न्यायालय ने राम मंदिर पर अपना फैसला सुनाया था। 9 नवंबर की यह तारीख इसलिए भी याद की जाएगी क्योंकि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद हर धर्म के लोगों ने बड़ी संवेदन शीलता दिखाई। राष्ट्र प्रथम की यह भावना भारत की सबसे बड़ी ताकत है। 2014 से 2024 तक के 10 वर्षों में महाराष्ट्र ने लगातार भाजपा को दिल से आशीर्वाद दिया है। भाजपा पर महाराष्ट्र के भरोसे के पीछे एक कारण है। इसका कारण महाराष्ट्र के लोगों की देशभक्ति, राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता है।
