प्रेमी की प्रताड़ना से परेशान एयर इंडिया की पायलट ने किया सुसाइड,प्रेमी गिरफ्तार

मुंबई। सोमवार को एयर इंडिया की 25 वर्षीय पायलट सृष्टि तुली का शव अंधेरी के मरोल इलाके में कनकिया रेनफॉरेस्ट बिल्डिंग के एक फ्लैट में मिला।

मुंबई पुलिस ने बताया कि 25 वर्षीय एयर इंडिया पायलट ने मुंबई में अपने फ्लैट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। साथ ही उसके प्रेमी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि पायलट सृष्टि तुली का शव अंधेरी के मरोल इलाके में कनकिया रेनफॉरेस्ट बिल्डिंग में उसके किराए के फ्लैट में मिला। उसने कथित तौर पर डेटा केबल से फांसी लगायी है ऐसी जानकारी प्राप्त हुयी है। लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।

महिला पायलट के प्रेमी आदित्य पंडित (27) पर आरोप है कि वह उसे प्रताड़ित करता था।

तुली के चाचा ने आरोप लगाया है कि पंडित अक्सर उसे सार्वजनिक रूप से परेशान और अपमानित करता था। उन्होंने दावा किया कि पंडित ने उस पर अपने खाने की आदतें बदलने और मांसाहारी भोजन का सेवन बंद करने का भी दबाव डालता था। पुलिस ने बताया कि सोमवार की सुबह तुली ने पंडित को फोन किया था और कहा था कि वह आत्महत्या कर लेगी। पंडित उस समय सड़क मार्ग से दिल्ली जा रहा था। पंडित जब मुंबई वापस आए तो उन्होंने फ्लैट का दरवाज़ा बंद पाया। उन्होंने चाबी बनाने वाले को बुलाकर दरवाज़ा खुलवाया और पाया कि उनकी गर्लफ्रेंड डेटा केबल से लटकी हुई है। उसे अंधेरी के सेवनहिल्स अस्पताल ले जाया गया,जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तुली उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली थी और पिछले साल जून से मुंबई में रह रही थी। दो साल पहले दिल्ली में कमर्शियल पायलट का कोर्स करने के दौरान उसकी मुलाकात पंडित से हुई थी और उसके तुरंत बाद दोनों के बीच रिश्ता शुरू हो गया था।

पुलिस ने बताया कि महिला पायलट के परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी पंडित पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 29 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *