ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का सख्त एक्शन: अमरोहा में बिजली कनेक्शन के नाम पर घूसखोरी, JE निलंबित, लाइनमैन बर्खास्त

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का सख्त एक्शन: अमरोहा में बिजली कनेक्शन के नाम पर घूसखोरी, JE निलंबित, लाइनमैन बर्खास्त

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने जनसुनवाई के दौरान अमरोहा जिले से आई घूसखोरी की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की है। मंत्री ने भ्रष्टाचार को बर्दाश्त न करने की बात दोहराते हुए एक संविदा लाइनमैन की सेवा समाप्त कर दी, जबकि जूनियर इंजीनियर (JE) को निलंबित कर दिया। साथ ही, SDO और अधिशासी अभियंता (XEN) से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अमरोहा जिले के नौगांव सादात निवासी मोहम्मद यूसा (पुत्र कासिम) ने घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। सर्वे के दौरान संविदा लाइनमैन अब्बास ने कनेक्शन देने के बदले घूस की मांग की। यूसा ने इनकार किया और JE राजीव सिंह से शिकायत की, लेकिन JE ने भी रिश्वत मांगी। JE ने कहा कि उसने अपनी पोस्टिंग के लिए 25 लाख रुपये घूस दिए हैं और अब इसे वसूलना पड़ेगा, अन्यथा कनेक्शन नहीं मिलेगा। कई दिनों तक काम में देरी की गई, जिससे यूसा परेशान हो गए। जिसके बाद
यह मामला 22 जनवरी 2026 को लखनऊ स्थित मंत्री एके शर्मा के आवास पर आयोजित जनसुनवाई में सामने आया। यूसा ने सीधे मंत्री से शिकायत की, जिस पर मंत्री ने अत्यंत गंभीरता दिखाई। उन्होंने तुरंत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता से फोन पर बात की और भ्रष्ट अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा, “विभाग के कर्मचारी ऊपर से नीचे तक भ्रष्ट हैं। एक साधारण कनेक्शन के लिए भी अगर रिश्वत मांगी जा रही है, तो यह पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आगे जोड़ा, “ऊर्जा विभाग जनता की सेवा के लिए है, अवैध वसूली के लिए नहीं। जो अधिकारी या कर्मचारी अपनी स्थिति का दुरुपयोग कर आम नागरिकों को परेशान करेंगे, उन पर बिना किसी दबाव या भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री के निर्देश पर 23 जनवरी को संविदा लाइनमैन अब्बास की सेवा समाप्त कर दी गई। JE राजीव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया और SDO रितेश प्रसाद और XEN राहुल निगम से स्पष्टीकरण मांगा गया। यदि जवाब असंतोषजनक रहा तो इनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की सिफारिश जाएगी।
मंत्री ने मामले की गहन जांच के आदेश भी दिए है और कहा कि जनता को परेशान करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
मंत्री एके शर्मा ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार, लापरवाही और जनता को तंग करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने कहा, “बिना पैसे के कनेक्शन नहीं देने की मानसिकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना से अमरोहा में विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य जिलों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
यह कार्रवाई योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा मानी जा रही है, जो भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन पर जोर देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *